Jharkhand Weather: भीषण गर्मी से 2 दिन में 50 लोगों की मौत, जमशेदपुर का पारा 12 डिग्री गिरा, जानें आज कैसा रहेगा मौसम

Jharkhand Weather: झारखंड में भीषण गर्मी ने दो दिन में 50 लोगों की जान ले ली. इसके बाद तापमान में बड़ी गिरावट आई है. जानें आज कैसा रहेगा झारखंड का मौसम.

By Mithilesh Jha | June 1, 2024 7:42 AM

Jharkhand Weather: जमशेदपुर और रांची को भीषण गर्मी से राहत मिली है. एक दिन में जमशेदपुर के अधिकतम तापमान में 11.8 डिग्री की गिरावट दर्ज की ई है. वहीं, राजधानी रांची के उच्चतम तापमान में 6.4 डिग्री सेंटीग्रेड की कमी आई है. वहीं, गढ़वा राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा. यहां का तापमान 46.5 डिग्री सेंटीग्रेड रिकॉर्ड किया गया है. इस बीच, लू लगने से झारखंड में 2 दिन में 50 लोगों की मौत हो चुकी है.

Jharkhand Weather: पलामू के तापमान में मामूली गिरावट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के रांची स्थित मौसम केंद्र के प्रमुख अभिषेक आनंद ने प्रभात खबर (prabhatkhabar.com) को यह जानकारी दी है. उन्होंने बताया है कि पलामू के तापमान में मामूली गिरावट आई है, लेकिन अभी भी यह 46 डिग्री है, जो सामान्य से 4.8 डिग्री सेंटीग्रेड अधिक है. इन दोनों जिलों में लू (HEAT WAVE) के ऑरेंज अलर्ट से घटाकर येलो अलर्ट कर दिया गया है.

पलामू और गढ़वा में लू का येलो अलर्ट, 17 जिलों में वज्रपात संभव

इसका मतलब यह है कि पलामू और गढ़वा में तापमान में तो थोड़ी गिरावट आएगी, लेकिन उष्ण लहर (HEAT WAVE) से अभी लोगों को राहत नहीं मिलेगी. अगले दो दिनों तक झारखंड के 17 जिलों में वर्षा-वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. मौसम वैज्ञानिक ने कहा है कि वर्षा-वज्रपात के दौरान 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगीं. 5 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर रहने का अनुमान है.

रांची, जमशेदपुर, डालटेनगंज का न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक

मौसम विभाग के प्रमुख के मुताबिक, झारखंड के तीन शहरों के न्यूनतम तापमान में गिरावट के बाद भी यह सामान्य से ऊपर बना हुआ है. रांची के न्यूनतम तापमान में 3.1 डिग्री की गिरावट आई है. यहां का न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री सेंटीग्रेड है, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक है. जमशेदपुर का न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री घटकर 27.8 डिग्री सेंटीग्रेड हो गया है, जो सामान्य से 1.5 डिग्री सेंटीग्रेड अधिक है. वहीं डालटेनगंज का न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेंटीग्रेड घटने के बाद 31.5 डिग्री हो गया है,जो सामान्य से 4.2 डिग्री सेंटीग्रेड अधिक है.

इन जिलों के अधिकतम तापमान में आई गिरावट

बता दें कि रांची और जमशेदपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से कम हो गया है. रांची का उच्चतम पारा 35.6 डिग्री है, जो सामान्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस कम है. जमशेदपुर का उच्चतम तापमान 31 डिग्री है, जो सामान्य से 9.1 डिग्री सेंटीग्रेड कम है. डालटेनगंज के उच्चतम तापमान में 1.4 डिग्री की गिरावट के बाद यह 46 डिग्री सेंटीग्रेड हो गया है, जो सामान्य से 4.8 डिग्री सेंटीग्रेड अधिक है.

6 जिलों का तापमान अभी भी 40 डिग्री के पार

पिछले दो दिनों में कई जगहों पर हुई हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की वजह से राज्य के अधिकतर जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेंटीग्रेड से नीचे आ गया है. अब महज 6 जिलों चतरा, गढ़वा, गुमला, लातेहार, लोहरदगा और पलामू में उच्चतम तापमान 40 डिग्री या उससे अधिक है. पिछले 24 घंटे के दौरान देवघर और लोहरदगा में 0.5 मिलीमीटर वर्षा हुई.

लोकसभा चुनाव के दौरान संताल परगना में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग की ओर से झारखंड में लोकसभा चुनाव के लिए स्पेशल मौसम पूर्वानुमान जारी किया गया है. इसमें बताया गया है कि गोड्डा, दुमका और राजमहल में कहीं-कहीं बारिश होने का अनुमान है. राजमहल का अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि यहां का न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेंटीग्रेड रह सकता है.

गोड्डा और दुमका का तापमान 37 से 39 डिग्री रहने का अनुमान

मौसम विभाग के मुताबिक, गोड्डा का अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेंटीग्रेड और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेंटीग्रेड रहने का अनुमान है. दुमका का उच्चतम तापमान 37 से 39 डिग्री के बीच रह सकता है, जबकि यहां का न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेंटीग्रेड के बीच रहने का अनुमान है.

आपके जिले में कितना रहा तापमान

क्रम सं.शहरों के नामअधिकतम तापमान
1रांची35.6 डिग्री सेंटीग्रेड
2जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम)31.0 डिग्री सेंटीग्रेड
3डालटेनगंज (पलामू)46.0 डिग्री सेंटीग्रेड
4बोकारो32.9 डिग्री सेंटीग्रेड
5चतरा42.5 डिग्री सेंटीग्रेड
6देवघर33.8 डिग्री सेंटीग्रेड
7धनबाद28.9 डिग्री सेंटीग्रेड
8गढ़वा46.5 डिग्री सेंटीग्रेड
9गिरिडीह32.6 डिग्री सेंटीग्रेड
10गोड्डा34.1 डिग्री सेंटीग्रेड
11गुमला42.2 डिग्री सेंटीग्रेड
12हजारीबाग35.1 डिग्री सेंटीग्रेड
13जामताड़ा32.8 डिग्री सेंटीग्रेड
14खूंटी36.0 डिग्री सेंटीग्रेड
15बहरागोड़ा (पूर्वी सिंहभूम)27.4 डिग्री सेंटीग्रेड
16लातेहार42.3 डिग्री सेंटीग्रेड
17लोहरदगा40.4 डिग्री सेंटीग्रेड
18पाकुड़34.1 डिग्री सेंटीग्रेड
19पलामू46.0 डिग्री सेंटीग्रेड
20रामगढ़33.1 डिग्री सेंटीग्रेड
21सरायकेला32.5 डिग्री सेंटीग्रेड
22साहिबगंज33.6 डिग्री सेंटीग्रेड
23सिमडेगा36.8 डिग्री सेंटीग्रेड
24पश्चिमी सिंहभूम34.5 डिग्री सेंटीग्रेड

इसे भी पढ़ें

Jharkhand Weather Forecast: प्रचंड गर्मी से 23 लोगों की मौत, झारखंड में आज कैसा रहेगा मौसम

Jharkhand Weather: मानसून आने से पहले 18 जिलों में लू का प्रकोप, 20 लोगों की मौत, जानें कब मिलेगी HEAT WAVE से राहत

Jharkhand Weather: झारखंड में भीषण गर्मी, 23 जिलों का पारा 40 के पार, 30 और 31 मई इन इलाकों में चल सकती है लू

Jharkhand Weather: झारखंड के लोगों को गर्मी से मिली राहत, लेकिन इस दिन से फिर बढ़ेगा तापमान

Next Article

Exit mobile version