लोकसभा चुनाव 2024: झामुमो ने दुमका से नलिन सोरेन व गिरिडीह से मथुरा प्रसाद महतो को बनाया प्रत्याशी

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए झामुमो ने दुमका लोकसभा सीट से नलिन सोरेन व गिरिडीह से मथुरा प्रसाद महतो को अपना प्रत्याशी घोषित किया है. झामुमो ने गुरुवार को लोकसभा प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की है.

By Guru Swarup Mishra | April 4, 2024 4:05 PM
an image

Lok Sabha Election 2024: रांची-लोकसभा चुनाव 2024 के लिए झामुमो (झारखंड मुक्ति मोर्चा) ने गुरुवार को दो लोकससभा सीटों (दुमका व गिरिडीह) से प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी. दुमका से नलिन सोरेन और गिरिडीह लोकसभा सीट से मथुरा प्रसाद महतो को उम्मीदवार बनाया गया है. केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय के हस्ताक्षर से ये सूची जारी की गयी है. झारखंड में इंडिया गठबंधन के तहत चुनाव लड़ रहे झामुमो ने पहली सूची जारी की है. इंडिया गठबंधन के अन्य घटक दलों में कांग्रेस ने पहले ही तीन लोकसभा सीटों लोहरदगा, खूंटी व हजारीबाग व भाकपा माले ने कोडरमा से अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है.

लोकसभा चुनाव 2024: झामुमो ने दुमका से नलिन सोरेन व गिरिडीह से मथुरा प्रसाद महतो को बनाया प्रत्याशी 2

झामुमो की पहली लिस्ट जारी
झारखंड मुक्ति मोर्चा ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए गुरुवार को अपनी पहली सूची जारी कर दी. इसके तहत दो लोकसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों का ऐलान किया गया है. दुमका लोकसभा सीट पर जहां झारखंड मुक्ति मोर्चा ने नलिन सोरेन पर भरोसा जताया है, वहीं गिरिडीह लोकसभा सीट से मथुरा प्रसाद महतो को उम्मीदवार बनाया गया है.

अन्य सीटों के अधिकृत प्रत्याशियों की लिस्ट जल्द होगी जारी
लोकसभा चुनाव 2024 में झारखंड मुक्ति मोर्चा इंडिया गठबंधन के तहत चुनाव लड़ रहा है. झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय के हस्ताक्षर से आज गुरुवार को दो लोकसभा सीटों की सूची जारी की गयी है. इसमें जिक्र किया गया है कि अन्य लोकसभा सीटों के लिए अधिकृत प्रत्याशियों की सूची जल्द जारी की जाएगी. बता दें कि इंडिया गठबंधन में कांग्रेस, राजद व भाकपा माले शामिल हैं. अब तक कांग्रेस ने तीन लोकसभा सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों की सूची जारी की है. लोहरदगा से जहां सुखदेव भगत उम्मीदवार हैं, वहीं खूंटी से कालीचरण मुंडा प्रत्याशी हैं. हजारीबाग से कांग्रेस ने जेपी पटेल को अपना उम्मीदवार बनाया है. वहीं भाकपा माले ने कोडरमा से विनोद कुमार सिंह को उतारा है.

Exit mobile version