President Ranchi Visit: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के झारखंड आगमन से पहले रांची में सुरक्षा चाक-चौबंद

President Droupadi Murmu Ranchi Visit: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रांची के नामकुम स्थित ICAR-NISA के शताब्दी समारोह में शामिल होने के लिए आज रांची आ रहीं हैं.

By Mithilesh Jha | September 19, 2024 4:33 PM
an image

President Droupadi Murmu Ranchi Visit|रांची, नीतीश कुमार : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिन की यात्रा पर झारखंड आ रहीं हैं. उनके रांची पहुंचने से पहले राजधानी में सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं. अधिकारियों की बैठकों का दौर जारी है. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लिए रांची में बनाया जाएगा सुरक्षा घेरा

सुरक्षा इंतजाम में चार चीजों- सुरक्षा घेरा, यात्रा प्रबंधन, विधि व्यवस्था और अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति का खास ध्यान रखा जाएगा. सभी प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा. राष्ट्रपति के कार्यक्रम स्थल के चारों ओर सुरक्षा घेरा बनाया जाएगा. स्थानीय पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां सुरक्षा घेरे में रहेंगी. राष्ट्रपति के आगमन से लेकर उनके रांची से प्रस्थान करने तक यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए गए हैं.

https://www.prabhatkhabar.com/wp-content/uploads/2024/09/WhatsApp-Video-2024-09-19-at-2.53.01-PM.mp4
पत्रकारों को संबोधित करते एडीजी (ऑपरेशंस) संजय आनंद लाटकर.

किसी भी आकस्मिक स्थिति से निबटने के लिए QRT की तैनाती

किसी भी आकस्मिक स्थित से निबटने के लिए त्वरित कार्रवाई दल यानी QRT को तैनात कर दिया गया है. भीड़ प्रबंधन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बलों को जरूरी दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं. इतना ही नहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की झारखंड यात्रा के दौरान सुरक्षा की जिम्मेदारी सीनियर ऑफिसर्स को दी गई है. उनकी प्रतिनियुक्ति भी की जा रही है.

महामहिम राष्ट्रपति महोदया का दौरा हमारे लिए गर्व की बात है. इस दौरान सुरक्षा-व्यवस्था को प्राथमिकता देना हमारी सर्वोच्च जिम्मेदारी है. सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे सुरक्षा-व्यवस्था के हर पहलू पर विशेष ध्यान दें. समन्वय के साथ काम करें.

संजय आनंद लाटकर, एडीजी (ऑपरेशंस)

ICAR-NISA के शताब्दी समारोह में शामिल होंगी राष्ट्रपति

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार (19 सितंबर) को रांची आ रहीं हैं. वह 20 सितंबर को नामकुम स्थित ICAR-NISA के शताब्दी समारोह में शामिल होने के बाद दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी. राष्ट्रपति की इस दो दिवसीय यात्रा के मद्देनजर रांची के एसएसपी कार्यालय में हाई लेवल मीटिंग हुई. इसकी अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ऑपरेशंस) संजय लाटकर ने दी.

बैठक में ये पदाधिकारी हुए शामिल

एसएसपी कार्यालय में हुई हाई लेवल मीटिंग में एडीजी (ऑपरेशंस) के अलावा दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक अखिलेश कुमार झा, पुलिस उप-महानिरीक्षक दक्षिणी छोटानागपुर क्षेत्र अनूप बिरथरे, पुलिस उप-महानिरीक्षक बोकारो रेंज सुरेंद्र कुमार झा, रांची के उपायुक्त, रांची के एसएसपी और सुरक्षा व्यवस्था में प्रतिनियुक्त सभी वरीय पदाधिकारी शामिल हुए.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रांची कब आएंगीं?

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू झारखंड के दो दिवसीय दौरे पर आ रहीं हैं. आज ही वह विशेष विमान से रांची पहुंचेंगीं. शाम को 7 बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पहुंचेंगी. यहां से वह सीधे राजभवन चली जाएंगीं. रात में वहीं विश्राम करेंगी.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू झारखंड क्यों आ रहीं हैं?

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिन की यात्रा पर रांची आ रहीं हैं. वह नामकुम स्थित ICAR-NISA के शताब्दी समारोह में शामिल होंगीं. कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, संजय सेठ, झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी शामिल होंगे.

ICAR-NISA का शताब्दी समारोह कब है?

झारखंड की राजधानी रांची के नामकुम स्थित ICAR-NISA की स्थापना 20 जून 1924 को हुई थी. 20 जून 2024 को इसका शताब्दी समारोह मनाया जाएगा. इस समारोह में राष्ट्रपति, केंद्रीय मंत्री, झारखंड के राज्यपाल और मुख्यमंत्री शामिल होंगे.

Also Read

Draupadi Murmu Ranchi Visit: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज आएंगी रांची, ICAR-NISA के शताब्दी समारोह में डेढ़ घंटे रुकेंगी

Draupadi Murmu Ranchi Visit: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आ रही हैं रांची, ICAR-NISA के शताब्दी समारोह में करेंगी शिरकत

ICAR-NISA के 100 साल : इनोवेशंस से बढ़ी कमाई, लाख को प्लांटेशन फसल में बदला

Exit mobile version