पाकिस्तान की मस्जिद में आत्मघाती हमला: मरने वालों की संख्या बढ़कर 21 हुई, मृतकों में 15 पुलिसकर्मी भी शामिल

Updated:
विज्ञापन

पाकिस्तान की मस्जिद में आत्मघाती हमले के बाद का नजारा, फोटो ANI

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

पाकिस्तान के कोहाट में जुमे की नमाज के दौरान एक मस्जिद के पास हुए भीषण विस्फोट में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 100 से अधिक घायल हैं. मरने वालों में 15 पुलिसकर्मी शामिल हैं. इस हमले की जिम्मेदारी एक स्थानीय आतंकी संगठन ने ली है.

विज्ञापन

Pakistan Mosque Blast: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट जिले में जुमे की नमाज के दौरान एक मस्जिद के पास बड़ा विस्फोट हुआ. विस्फोट में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि 100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. मृतकों में 15 पुलिसकर्मी शामिल हैं. अधिकारियों के मुताबिक, नमाज के दौरान विस्फोटक से लदे एक वाहन ने पुरानी पुलिस लाइन के गेट को टक्कर मार दी, जिसके बाद जोरदार धमाका हुआ.

विज्ञापन

यह घटना कोहाट में पेशावर से करीब 60 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में पुरानी पुलिस लाइन के पास हुई. विस्फोट के बाद हथियारबंद आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच गोलीबारी भी हुई.

विस्फोट के समय मस्जिद में नमाज पढ़ रहे थे पुलिसकर्मी

कोहाट अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ ताहिर शाह के मुताबिक, विस्फोट में 21 लोगों की मौत हुई है. इनमें 15 पुलिसकर्मी हैं. उन्होंने बताया कि घायलों में 73 पुलिसकर्मी और 30 आम नागरिक शामिल हैं.

बचाव अधिकारियों के अनुसार, विस्फोट के समय बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मस्जिद में जुमे की नमाज अदा कर रहे थे. धमाके से मस्जिद का बाहरी हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और एक दीवार भी गिर गई. आसपास की इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है.

पुलिस लाइन में घुसे सात हथियारबंद आतंकी

खैबर पख्तूनख्वा पुलिस के मुताबिक, सात हथियारबंद आतंकवादी पुलिस लाइन में घुस गए थे. इसके बाद पुलिस और आतंकवाद रोधी विभाग (CTD) के जवानों के साथ उनकी मुठभेड़ हुई.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अब तक छह आतंकवादी मारे गए हैं, जिनमें आत्मघाती हमलावर और स्नाइपर भी शामिल हैं. अधिकारियों के अनुसार, आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ के दौरान विशेष शाखा की इमारत में एक और आत्मघाती विस्फोट हुआ.

आतंकी संगठन ने ली हमले की जिम्मेदारी

हमले की जिम्मेदारी इत्तेहाद-उल-मुजाहिदीन पाकिस्तान नाम के एक कम चर्चित आतंकी संगठन ने ली है. रिपोर्टों के मुताबिक, यह संगठन हाफिज गुल बहादुर समूह, हरकत इंकलाब-ए-इस्लामी पाकिस्तान और लश्कर-ए-इस्लाम का गठबंधन है. इसका गठन अप्रैल 2025 में हुआ था.

अस्पतालों में आपात स्थिति

कोहाट में विस्फोट के बाद अस्पतालों में आपात स्थिति घोषित कर दी गई. डॉ. ताहिर शाह ने बताया कि 13 घायलों को लियाकत मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि करीब 90 अन्य घायलों को जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया.

जियो न्यूज के अनुसार, मृतकों में लियाकत मेमोरियल अस्पताल के मुख्य जिला विशेषज्ञ डॉ. इजराइल खान ओरकजई भी शामिल हैं.

कोहाट-हंगू मार्ग बंद

खैबर पख्तूनख्वा के रेस्क्यू 1122 के प्रवक्ता बिलाल अहमद फैजी ने बताया कि सूचना मिलते ही बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच गया और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया.

सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है. पुलिस लाइन के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस ने एहतियात के तौर पर कोहाट-हंगू मार्ग को यातायात के लिए बंद कर दिया है.

राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने की निंदा

पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हमले की निंदा की है. सरकारी रेडियो पाकिस्तान के अनुसार, प्रधानमंत्री शरीफ ने घटना को लेकर संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी और राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए.

खैबर पख्तूनख्वा के पुलिस महानिरीक्षक जुल्फिकार हमीद ने भी अधिकारियों से घटना की रिपोर्ट मांगी और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.


ये भी पढ़ें: पाकिस्तान में नाबालिग का अपहरण कर जबरन धर्मांतरण, पिता बोले - थाने में दर्ज नहीं हुआ FIR

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola